चिमु धतरवाल
बाड़मेर।स्मार्ट हलचल|ग्रेविस द्वारा यूरोपीय संघ (European Union) के सहयोग से संचालित SABL (Strengthening Agriculture-Based Livelihoods) परियोजना के अंतर्गत ग्राम खारावाला, बाड़मेर में डिजिटल साक्षरता एवं वित्तीय प्रबंधन विषय पर एक दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में कुल 36 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय, विशेषकर किसानों एवं महिलाओं, को डिजिटल तकनीकों एवं वित्तीय सेवाओं के प्रभावी उपयोग के प्रति जागरूक करना था। प्रतिभागियों को स्मार्टफोन का प्रभावी उपयोग, यूपीआई एवं डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन बैंकिंग, साइबर सुरक्षा तथा वित्तीय योजना बनाने की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इसके अतिरिक्त प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यमों से मौसम पूर्वानुमान प्राप्त करने, कृषि उपज के दैनिक बाजार भाव जानने, विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कृषि सलाहकारी सेवाओं तक पहुँच बनाने तथा इनका लाभ उठाने के तरीकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान यह भी बताया गया कि डिजिटल जानकारी का उपयोग कर किसान मौसम के अनुरूप कृषि कार्यों की बेहतर योजना बना सकते हैं, उचित समय पर अपनी उपज का विपणन कर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकते हैं तथा आधुनिक वित्तीय सेवाओं के माध्यम से अपने परिवार की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत बना सकते हैं।
प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनकी डिजिटल तकनीकों के प्रति समझ और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। साथ ही वे अब डिजिटल सेवाओं का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग कर अपने कृषि कार्य, विपणन तथा घरेलू वित्तीय प्रबंधन को अधिक सुदृढ़ बना सकेंगे।
ग्रेविस का उद्देश्य SABL परियोजना के माध्यम से ग्रामीण समुदायों की आजीविका को सशक्त बनाना तथा आधुनिक तकनीकों और वित्तीय समावेशन के जरिए किसानों एवं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करना है।
