अनिल कुमार
ब्यावर/बर।स्मार्ट हलचल|पुलिस थाना बर ने हत्या के प्रयास और पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में पिछले 3 साल से फरार चल रहे ₹2,000 के ईनामी और थाने के टॉप-10 में शामिल आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेन्द्र चौधरी (30) पुत्र घेवर राम जाट, निवासी डांगियावास (जिला जोधपुर) के रूप में हुई है।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर की थी फायरिंग
थानाधिकारी पन्नालाल ने बताया कि 26 जुलाई 2023 को बर थाना पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करों पर नकेल कसने के लिए नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान इनोवा, स्कॉर्पियो और क्रेटा गाड़ियों में सवार होकर आए तस्करों ने पुलिस द्वारा रोकने पर जान से मारने की नियत से अवैध हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। आरोपी पुलिसकर्मियों के जीवन को संकट में डालते हुए और राजकार्य में बाधा पहुंचाकर मौके से गाड़ी भगाकर फरार हो गए थे।
इस संबंध में थाना बर में मामला संख्या 118/2023 धारा 307, 353, 332, 336 भादसं व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।
तकनीकी डेटा विश्लेषण से हत्थे चढ़ा बदमाश
अजमेर रेंज आईजी डॉ. रवि सभरवाल और ब्यावर एसपी रतन सिंह के निर्देशानुसार चलाए जा रहे वांछित अपराधियों के धरपकड़ अभियान के तहत एएसपी डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं सीओ रायपुर बंशीलाल पाण्डर के निकटतम सुपरविजन में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने सूचना संकलन और तकनीकी डेटा विश्लेषण के आधार पर आरोपी के ठिकाने का पता लगाकर त्वरित कार्रवाई करते हुए महेन्द्र चौधरी को दबोच लिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में बर थानाधिकारी (उप निरीक्षक) पन्नालाल, कॉन्स्टेबल सुनील (608) और कॉन्स्टेबल महिपाल (543) शामिल रहे।
