घाड़ में गैस गोदाम के कुएं से केबल चोरीः एक महीने में दूसरी वारदात, ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ रोष

 

अविनाश मीणा |

घाड़ (देवली), टोंक

स्मार्ट हलचल|घाड़ क्षेत्र में चोरों ने भारत गैस एजेंसी के गोदाम के पीछे स्थित कुएं से पानी की मोटर की केबल चोरी कर ली। यह एक महीने के भीतर क्षेत्र में चोरी की दूसरी बड़ी घटना है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और किसानों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी रोष है।भारत गैस एजेंसी के मालिक राजेश पहाड़िया ने बताया कि चोरों ने सोमवार रात खरोई रोड पर स्थित उनके गैस गोदाम के पीछे बने कुएं के कमरे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोर स्टार्टर से लेकर कुएं तक बिछी पानी की मोटर की केबल काटकर ले गए।

घटनास्थल पर केबल काटने के लिए इस्तेमाल किए गए पत्थर बिखरे मिले। चोरी का पता मंगलवार दोपहर करीब 11 बजे चला, जब कर्मचारी मौके पर पहुंचे।

घटना की सूचना तुरंत घाड़ पुलिस को दी गई। घाड़ थाना प्रभारी हरीराम वर्मा ने मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है। ग्रामीणों के अनुसार, घाड़ क्षेत्र में एक महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी घटना है। इससे पहले दो ट्रांसफार्मर और मोटर केबल चोरी होने की वारदातें भी सामने आ चुकी हैं, जिनका खुलासा करने में घाड़ पुलिस अब तक नाकाम रही है।

पुलिस की कथित लचर कार्यशैली और चोरों का सुराग न लगने के कारण क्षेत्र के लोगों में पुलिस के प्रति गहरा रोष है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।