होली मिलन समारोह में झूमे विधायक देवीसिंह शेखावत, डफ की थाप पर कार्यकर्ताओं संग लगाए ठुमके

बिन्टू कुमार

नारायणपुर|स्मार्ट हलचल|क्षेत्रीय विधायक देवीसिंह शेखावत के ज्ञानपुरा स्थित निजी आवास पर बुधवार को होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंगों के इस उल्लासपूर्ण उत्सव में विधायक शेखावत ने सभी उपस्थित लोगों को गुलाल लगाकर धुलंडी पर्व की शुभकामनाएं दीं और आत्मीयता के साथ होली की बधाई दी। समारोह के दौरान माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा। ढोल-नगाड़ों और डफ की थाप पर आयोजित धमाल कार्यक्रम ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण उस समय रहा जब विधायक स्वयं को रोक नहीं पाए और कार्यकर्ताओं के साथ डफ की थाप पर जमकर थिरकते नजर आए। उनके साथ मौजूद समर्थकों ने भी रंग-गुलाल उड़ाते हुए होली के गीतों पर नृत्य कर खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर विधायक देवीसिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि होली का पावन पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार समाज में फैली दूरियों और मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के गले मिलने और खुशियां बांटने का संदेश देता है। उन्होंने सभी से सामाजिक एकता बनाए रखने और क्षेत्र के विकास में मिलकर सहयोग करने का आह्वान किया। समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई प्रमुख हस्तियों ने भी शिरकत की। कार्यक्रम में बानसूर एसडीएम अनुराग हरित, नारायणपुर एसडीएम दिनेश शर्मा, तहसीलदार अनिल कुमार, बीसीएमओ डॉ. दीपेंद्र सिंह, डॉ. पूरण मल जाट, शशिकांत बोहरा, सुल्तान राम सैनी, रोशन लाल सैनी, भवानी शंकर सैनी, महेंद्र भादू, प्रशासक प्रियंका नरुका, मोहन लाल वर्मा, नीरज तोनगरिया, रामनिवास जाट, महेंद्र योगी और धुडाराम यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।