मंडावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नवप्रसूता से मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, धारदार हथियार भी बरामद

नीरज मीणा

मंडावर (दौसा)।स्मार्ट हलचल/ मंडावर थाना पुलिस ने नवप्रसूता महिला के साथ मारपीट के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त धारदार हथियार (गंडासा) भी बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को ग्राम जटवाड़ा में एक नवप्रसूता महिला के साथ धारदार हथियार से मारपीट की गंभीर घटना सामने आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंडावर थाना पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार की गई तलाश और तकनीकी अनुसंधान के बाद 6 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गंडासा भी बरामद किया गया है।
थानाधिकारी ने बताया कि परिवादी रामभरोसी प्रजापत निवासी जटवाड़ा की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में नवप्रसूता महिला के साथ धारदार हथियार से मारपीट करने का आरोप लगाया गया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और कम समय में उसे गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विष्णु कुमार प्रजापत (20 वर्ष) निवासी भट्टा कॉलोनी, आदर्श स्कूल के पास, टोडाभीम, जिला करौली के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मंडावर थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला पुलिस ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।