ब्यावर में प्रशासनिक लापरवाही पर बवाल: नगर परिषद के असंतोषजनक जवाब से भड़की कांग्रेस, 15 अगस्त को जलसमाधि की चेतावनी

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद द्वारा जनसमस्याओं पर दिए गए उत्तर को असंतोषजनक और प्रशासनिक जवाबदेही से बचने का प्रयास बताते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने साफ कहा कि अब जनता को कोरे आश्वासनों की नहीं, बल्कि काम शुरू होने की तारीख, स्वीकृत बजट, कार्यादेश और ठोस परिणामों की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो वे 15 अगस्त 2026 को सुभाष उद्यान तालाब में जलसमाधि लेंगे।

समस्याओं पर औपचारिकता का आरोप
ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने जानकारी दी कि 29 जुलाई को ब्लॉक कांग्रेस द्वारा ब्यावर और नवीन शामिल ग्रामीण क्षेत्रों की 12 प्रमुख समस्याओं—जैसे जर्जर सड़कें, ठप सफाई व्यवस्था, नालियों में जलभराव, बंद स्ट्रीट लाइटें, आवारा पशु, सुभाष उद्यान तालाब में जलकुंभी, ₹50 कचरा संग्रहण शुल्क और सीवरेज प्रोजेक्ट—को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया था।

3 अगस्त को नगर परिषद द्वारा दिए गए जवाब का अध्ययन करने के बाद कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि परिषद का उत्तर केवल “कार्ययोजना बनाई जा रही है” या “निविदा प्रक्रियाधीन है” जैसे औपचारिक बयानों तक सीमित है। जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि किस कार्य के लिए कितना बजट स्वीकृत हुआ है और उसकी समयसीमा क्या है।

कचरा शुल्क न देने की जनता से अपील
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर परिषद आयुक्त श्रीमती कीर्ति कुमारी के साथ हुई बैठक में आयुक्त ने विकास कार्यों और निविदाओं की जानकारी सार्वजनिक करने पर सहमति जताई। आयुक्त ने यह भी बताया कि ₹50 प्रति माह कचरा शुल्क न वसूलने के लिए संबंधित ठेकेदार को मौखिक निर्देश दिए जा चुके हैं।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय शर्मा ने शहरवासियों से अपील की कि जब तक इस संबंध में विधिवत और स्पष्ट आदेश जारी नहीं होते, तब तक कोई भी नागरिक कचरा शुल्क न दे। यदि कोई ठेकेदार जबरन वसूली का प्रयास करे तो उसकी शिकायत कांग्रेस कमेटी से करें।

ATR सार्वजनिक करने की मांग और अंतिम अल्टीमेटम
कांग्रेस ने नगर परिषद से मांग की है कि प्रत्येक समस्या पर Action Taken Report (ATR) सार्वजनिक की जाए, जिसमें स्वीकृत राशि, निविदा/कार्यादेश संख्या, संबंधित अधिकारी का नाम और काम पूरा होने की निश्चित तारीख स्पष्ट हो।

अजय शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा, “यदि नगर परिषद और जिला प्रशासन ने समय रहते ठोस, पारदर्शी और समयबद्ध कदम नहीं उठाए, तो 15 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे सुभाष उद्यान तालाब में जनहित में जलसमाधि ली जाएगी। इसके बाद होने वाले किसी भी जनआंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”

इस अवसर पर कांग्रेस प्रत्याशी पारस पंच, आशीषपाल पदावत, कैलाश गहलोत, अजमत काठात, दलपतराज मेवाड़ा, विक्रम सोनी सहित कई प्रमुख कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।