नहरों में पानी नहीं पहुंचने से सूखने लगी फसलें, किसान चिंतित, बारिश निष्क्रिय

लाखेरी – स्मार्ट हलचल|उपखंड क्षेत्र में पर्याप्त वर्षा नहीं होने और टेल क्षेत्र तक नहरों का पानी नहीं पहुंचने से किसानों की खरीफ फसलें सिंचाई के अभाव में सूखने लगी हैं। धान, सोयाबीन, तिल्ली, मूंग सहित अन्य फसलों में नमी की कमी के कारण मुरझाने की स्थिति बन गई है, जिससे किसानों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रशासन द्वारा नहरों में जल प्रवाह तो किया गया, लेकिन अब तक टेल क्षेत्र के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाया है। दूसरी ओर मानसून भी अपेक्षित रूप से सक्रिय नहीं होने से फसलों को पर्याप्त वर्षा का लाभ नहीं मिल सका है। ऐसे में किसान दोहरी मार झेल रहे हैं। कई किसानों ने पानी की कमी को देखते हुए पहले बोई गई धान की फसल को नष्ट कर सोयाबीन एवं तिल्ली जैसी कम पानी वाली फसलों की बुआई की थी, लेकिन अब नहरों में पानी नहीं पहुंचने से ये फसलें भी सूखने लगी हैं। यदि शीघ्र सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। खरायता सरपंच बदरीलाल मीणा, लबान सरपंच बुध्दि प्रकाश, मीणा किसान नेता रामावतार मीणा, भाजपा युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष हेमन्त पालीवाल ने प्रशासन एवं सिंचाई विभाग से मांग की है कि टेल क्षेत्र तक तत्काल नहरी पानी पहुंचाया जाए, ताकि किसानों की खड़ी फसलों को बचाया जा सके और उन्हें राहत मिल सके।