अनिल कुमार
ब्यावर/रास।स्मार्ट हलचल|रास थाना पुलिस ने ग्राम कुड़की सरहद में कपड़ा व्यापारियों से गनपॉइंट पर हुई लाखों रुपये की लूट की वारदात का महज़ कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां व जैतारण डिप्टी रमेन्द्रसिंह हाडा के सुपरविजन में चलाए गए अभियान के तहत रास थानाधिकारी मंजू मुलेवा की टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जबकि 1 विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टाटा नेक्सॉन कार, दो सैमसंग मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल अवैध देशी कट्टा, दो बाइक और कुल 6,56,300 रुपये की नकद राशि बरामद की है।
व्यापारियों को कार आगे लगाकर घेरा, कट्टा दिखाकर की मारपीट
जोधपुर के महामंदिर निवासी कपड़ा व्यापारी राजेश टेलर (45) और उनके साथी विमल टेलर (40) जैतारण, आनंदपुर कालू, लांबिया और रास क्षेत्र से पेमेंट का कलेक्शन कर पीसांगन की तरफ जा रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे कुड़की महादेव मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलों पर आए मुंह बांधे बदमाशों ने उनकी टाटा नेक्सॉन कार (RJ 19 CN 0631) के आगे गाड़ियां लगा दीं।
बदमाशों ने गनपॉइंट पर व्यापारियों को धमकाया, उनके साथ मारपीट की और कार, चाबी, दो मोबाइल तथा रुपयों से भरे बैग (करीब 15.55 लाख रुपये) लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर रास थाने में मुकदमा संख्या 145/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला राज, हुई ये बरामदगी
थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में गठित टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर की सूचना पर संदिग्धों को दबोच लिया। आरोपियों का पीसी रिमांड लेकर की गई पूछताछ के बाद पुलिस ने निम्नलिखित बरामदगी की:
महेंद्रसिंह: वारदात में प्रयुक्त अवैध देशी कट्टा, कार की चाबी, 2 सैमसंग मोबाइल और ₹5,25,000 नकद।
प्रकाश व गुलाब: घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिलें और दोनों से ₹50,000-₹50,000 (कुल ₹1,00,000)।
पर्वतसिंह: लूट की राशि ₹30,000।
पकड़े गए आरोपी
महेंद्रसिंह पुत्र नरपतसिंह (22), निवासी राबड़ियावास (रास, ब्यावर)
गुलाब पुत्र चंद्राराम (25), निवासी राबड़ियावास (रास, ब्यावर)
प्रकाश पुत्र तारूराम (24), निवासी राबड़ियावास (रास, ब्यावर)
पर्वतसिंह पुत्र नरपतसिंह (20), निवासी राबड़ियावास (रास, ब्यावर)
एक विधि से संघर्षरत बालक (संरक्षण में लिया गया)
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी मंजू मुलेवा, एएसआई धर्माराम, एएसआई निर्मलसिंह, हेड कांस्टेबल महावीरसिंह, दलेल खां, कांस्टेबल सुशील (विशेष भूमिका), जेठाराम, रामचरण, संजय, सुरज्ञान, बस्तीराम, सतीश, हेतराम, कैलाश, मैनाराम, करतारसिंह, अजीतसिंह, देवकरण, रामपाल और रामगोपाल की मुख्य भूमिका रही।
