मांगें नहीं मानने पर उग्र आंदोलन और फैक्ट्री के मुख्य गेट पर तालाबंदी की दी चेतावनी
अनिल कुमार
ब्यावर । स्मार्ट हलचल|मसूदा तहसील की ग्राम पंचायत अंधेरी देवरी के राजस्व ग्राम सरकना के निवासियों का श्री सीमेंट लिमिटेड के खिलाफ आक्रोश चरम पर है। फैक्ट्री द्वारा लगातार फैलाए जा रहे जल, वायु और भूमि प्रदूषण तथा विस्थापन की मांग को लेकर ग्रामीण पिछले तीन दिनों से श्री सीमेंट फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर बेमियादी धरना दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कारखाने से निकलने वाले जहरीले रसायनों और धुएँ ने उनका जीना मुहाल कर दिया है।
बंजर हुई कृषि भूमि, पेयजल हुआ जहरीला
धरना दे रहे ग्रामीणों का कहना है कि सीमेंट कारखाने से निकलने वाले केमिकल युक्त अपशिष्ट के कारण आसपास के सभी किसानों की उपजाऊ भूमि पूरी तरह बंजर हो चुकी है। भूजल और स्थानीय कुओं में जहरीले रसायन घुलने से पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। दूषित पानी पीने से न केवल इंसानों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, बल्कि मवेशी और जलीय जीव भी अकाल मौत का शिकार हो रहे हैं।
अकाल मौत और बीमारियों का साया, मुआवजे की मांग
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कारखाने की चिमनियों से उठने वाले विषैले धुएँ और गैसों के कारण क्षेत्र में सांस व कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदूषण की वजह से कई लोग असमय काल के क्रूर ग्रास में समा चुके हैं, लेकिन कंपनी प्रबंधन या प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को कोई सहायता या मुआवजा राशि नहीं दी गई है।
पूर्व की तर्ज पर पुनर्वास की मुख्य मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से मांग की है कि पूर्व में झुंझारों का बाड़िया, श्यामगढ़ और नीमगढ़ के ग्रामीणों की तरह सरकना वासियों को भी उनकी जमीन व मकानों का उचित मुआवजा दिया जाए। साथ ही, उन्हें श्री सीमेंट की टाउनशिप या सुरक्षित भूखंडों पर पूर्ण विस्थापित किया जाए।
गेट पर तालाबंदी की चेतावनी
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो वे उग्र रुख अपनाते हुए श्री सीमेंट लिमिटेड के मुख्य गेट की तालाबंदी (गेट बंद) करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि इसके बाद पैदा होने वाली किसी भी प्रशासनिक या कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी श्री सीमेंट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
धरना स्थल पर मुख्य रूप से AAP अध्यक्ष इकबाल काठात, rcmk नवयुवक मण्डल संरक्षक मुकेश काठात, भरत खरवा, एडवोकेट अनवर अली, इरफ़ान काठात, हमिद काठात, असलम काठात, मेहबूब काठात, आजाद काठात, बुदा जी, कादर जी, प्रभु जी, कस्तूर जी, असरफ जी, समदा जी, छोटू जी, गाजी जी, कलीम, नवाब, फिरोज, अमीन, कुणाल, नियाज, सतार, अनवर, मोहन जी, इकबाल, अमीन काठात एवं मोहन सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
