घाड़ में एक महीने में कई ट्रांसफार्मर चोरीः किसानों में रोष, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

 

अविनाश मीणा

घाड़ (देवली)टोंक|स्मार्ट हलचल|दूनी तहसील के घाड़ कस्बे में ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। गुरुवार रात चोरों ने एक और किसान के कुएं पर लगे ट्रांसफार्मर को निशाना बनाया। यह एक महीने के भीतर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर चोरी की चौथी घटना है।जानकारी के अनुसार, घाड़ कस्बे से दो किलोमीटर दूर धुवां खुर्द रोड पर स्थित स्वर्गीय देवीलाल पुत्र नारायण रैगर (निवासी घाड़) के कृषि कुएं पर लगे ट्रांसफार्मर को गुरुवार रात चोरों ने चुरा लिया।चोर ट्रांसफार्मर को नीचे उतारकर उसमें से कॉपर वायर, कीमती तेल और अन्य महत्वपूर्ण पुर्जे निकालकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने लाइनमैन उम्मेद सिंह मीणा को दी। विद्युत विभाग द्वारा इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।

घाड़ क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर ट्रांसफार्मर चोरी की यह चौथी घटना है। इससे पहले, चारनेंट रोड पर एक साथ दो ट्रांसफार्मर चोरी हुए थे। तीसरी घटना रंगविलास और खरोई रोड पर हुई थी। अब यह चौथी वारदात धुवां खुर्द रोड पर हुई है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। घाड़ कस्बे के पास ही पुलिस थाना स्थित होने के बावजूद चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम रही है।

इन लगातार हो रही चोरियों के कारण किसानों की कृषि गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। किसानों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ सिंचाई संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।