ब्यावर जिले की विकास यात्रा की झलक: चतुर्थ स्थापना दिवस पर भव्य जिला प्रगति प्रदर्शनी का आयोजन

कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने किया शुभारंभ; 3 वर्षों की उपलब्धियों और योजनाओं की जन-जन तक पहुंची जानकारी

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिले के चतुर्थ स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य ‘जिला प्रगति प्रदर्शनी’ का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी जिले के गठन के बाद से लेकर अब तक की 3 वर्षों की विकास यात्रा, प्रमुख उपलब्धियों और जनकल्याणकारी प्रयासों का एक जीवंत दस्तावेज बनकर सामने आई। प्रदर्शनी का औपचारिक शुभारंभ राज्य के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट एवं उपखंड अधिकारी दिव्यांश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की दिखी झलक
प्रदर्शनी में जिले के विभिन्न शासकीय विभागों—पंचायती राज, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, खेल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास, जल संसाधन, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHED), रसद और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा पिछले तीन वर्षों में किए गए नवाचारों व उपलब्धियों को आकर्षक तस्वीरों एवं सूचनात्मक सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इसमें बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और सड़कों के विकास से जुड़े कार्यों की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
जिला कलक्टर ने दी विकास कार्यों की जानकारी
प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान जिला कलक्टर कमल राम मीना ने अतिथियों को जिले में पूर्ण हो चुके और वर्तमान में चल रहे विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा दिया। उन्होंने बताया कि जिला गठन के बाद सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से ब्यावर में बुनियादी सुविधाओं और विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सर्वांगीण विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध: कैबिनेट मंत्री
प्रदर्शनी के दौरान कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने समस्त जिलेवासियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार द्वारा पिछले तीन वर्षों में ब्यावर के विकास को गति देने के लिए हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। विकास का यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा। सरकार का मुख्य लक्ष्य आमजन तक सुगम सुविधाएं पहुंचाना और जिले का सर्वांगीण व संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।”
यह प्रदर्शनी न केवल जिलेवासियों के लिए अपनी विकास यात्रा पर गर्व करने का माध्यम बनी, बल्कि इसने ‘विकास की उपलब्धियों से नए संकल्प की ओर बढ़ते ब्यावर’ की एक सशक्त तस्वीर भी पेश की।