अनिल कुमार
(स्मार्ट हलचल) ब्यावर।जिला मुख्यालय पर आयोजित जिला प्रगति प्रदर्शनी के उद्घाटन के उपरांत आयोजित विशेष पत्रकार वार्ता में राज्य के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और क्षेत्रीय विधायक शंकर सिंह रावत ने संयुक्त रूप से प्रेस को संबोधित किया। वार्ता के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बीते तीन वर्षों में ब्यावर क्षेत्र में हुए बुनियादी ढांचे के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता के दौरान राज्य सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत एवं विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि ब्यावर जिले के सर्वांगीण और संतुलित विकास के लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधि निरंतर प्रयासरत हैं। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसे मूलभूत क्षेत्रों को प्राथमिकता देते हुए ऐसी कार्ययोजना बनाई गई है, जिससे विकास की योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहजता से पहुँच सके।
आधुनिक मिनी सचिवालय का खाका तैयार
वार्ता के द्वितीय चरण में जिला कलक्टर कमल राम मीना ने भविष्य के ब्यावर की प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित मिनी सचिवालय योजना का प्रस्तुतीकरण दिया।
एकीकृत प्रशासनिक व्यवस्था: नए मिनी सचिवालय में विभिन्न सरकारी विभागों के कार्यालयों को एक ही परिसर में स्थापित किया जाएगा, जिससे आमजन को अपने कार्यों के लिए अलग-अलग जगह न भटकना पड़े।
सुविधाजनक बुनियादी ढांचा: परिसर में आमजन के सुगम आवागमन, विशाल पार्किंग व्यवस्था और आधुनिक सूचना-प्रौद्योगिकी ढांचे का विशेष ध्यान रखा गया है।
दीर्घकालिक मास्टर प्लान: जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि मिनी सचिवालय केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित न होकर आगामी दशकों की संभावित जनसंख्या और प्रशासनिक विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार की गई एक दीर्घकालिक योजना है।
