झलकारी बाई महिला मंडल ने शिक्षा विभाग की छात्राओं की किसी एक योजना का नाम वीरांगना झलकारी बाई के नाम पर करने की रखी मांग
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|कोली समाज विकास ट्रस्ट, भीलवाड़ा की ओर से आयोजित सावन महोत्सव कार्यक्रम के तहत शिक्षा एवं पंचायत राज्यमंत्री राजस्थान सरकार श्री मदन जी दिलावर ने भीलवाड़ा प्रवास के दौरान आदर्श नगर स्थित बढ़लेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने चांदी के लौटे से बढ़लेश्वर महादेव शिवलिंग का दुग्धाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
मंदिर पहुंचने पर बढ़लेश्वर महादेव मंदिर के पंडित रामचंद्र मंडिया ने शिक्षा मंत्री का तिलक लगाकर एवं मारवाड़ी साफा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
कोली समाज विकास ट्रस्ट के सचिव मुरलीधर लोरवाडिया ने बताया कि सावन महोत्सव के इस धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम के अवसर पर कोली समाज वीरांगना झलकारी बाई महिला मंडल की सदस्यों ने शिक्षा मंत्री को ‘यथार्थ गीता’ पुस्तक भेंट की।
साथ ही महिला मंडल ने 1857 की क्रांति की अमर वीरांगना झलकारी बाई कोली के नाम पर शिक्षा विभाग में छात्राओं के लिए संचालित किसी एक योजना का नामकरण करने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री को मांगपत्र सौंपा।
महिला मंडल ने मांग की कि छात्राओं के लिए शिक्षा विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं में से किसी एक योजना का नाम “वीरांगना झलकारी बाई कोली” के नाम पर रखा जाए, ताकि देश की वीरांगना के साहस, शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रदेश की बेटियां प्रेरणा ले सकें तथा आने वाली पीढ़ियों तक उनका गौरवशाली इतिहास पहुंच सके।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने महिला मंडल की मांग को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने मातृशक्ति को भगवद्गीता के सार को जीवन में उतारने की प्रेरणा देते हुए कहा कि जीवन में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों से घबराने के बजाय साहस, धैर्य और कर्म के मार्ग पर आगे बढ़कर उनका सामना करना चाहिए।
सावन महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता एवं महिला सशक्तिकरण का संदेश भी देखने को मिला।
कार्यक्रम में मोतीसिंह, राकेश, मोतीलाल, महेंद्र कुमार, रूपलाल, सोहनलाल, नरेंद्र कुमार, लक्ष्मीनारायण, अशोक, मोहनलाल सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महिला मंडल की ओर से अंतिमा, अंजना, जानकी, मधु, राजेश्वरी, दुर्गा, शालिनी, संगीता, सुनीता, पार्वती सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
