श्योपुरा देवमाली में पशु चिकित्सा व बांझपन निवारण शिविर आयोजित, 398 पशुओं का उपचार, 10 भेड़ों का हुआ निःशुल्क बीमा

अनिल कुमार

ब्यावर/मसूदा।स्मार्ट हलचल|मसूदा ब्लॉक के श्योपुरा देवमाली में राजकीय पशु चिकित्सालय केलू के तत्वावधान में एक दिवसीय पशु चिकित्सा एवं बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे पशुपालकों ने अपने पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया।शिविर के दौरान कुल 398 पशुओं (126 बड़े एवं 272 छोटे पशु) का उपचार कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इसके साथ ही 14 पशुओं का बांझपन निवारण उपचार किया गया। मौके पर ही ‘मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना’ के अंतर्गत 10 भेड़ों का निःशुल्क बीमा कर पशुपालकों को पॉलिसी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि मसूदा ब्लॉक की देवमाली ग्राम पंचायत में अब तक सर्वाधिक 182 बीमा पॉलिसियों का वितरण किया जा चुका है।

डॉ. दिनेश कुमार सुन्वासिया ने पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय पशु चिकित्सा केंद्रों पर ₹50 में साधारण तथा ₹70 में बछड़ी वाला (सेक्स-सॉर्टेड) सीमेन कृत्रिम गर्भाधान के लिए उपलब्ध है। पशुपालक मात्र ₹10 का गृह सेवा शुल्क देकर घर बैठे भी यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन पशु चिकित्सा के लिए टोल-फ्री नंबर 1962 पर कॉल कर मोबाइल वैन के माध्यम से घर पर ही निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है।

शिविर में लम्पी स्किन डिजीज (LSD) टीकाकरण अभियान के प्रति भी पशुपालकों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में पशु परिचर दिनेश खाती का सराहनीय योगदान रहा। इस अवसर पर ग्रामीण मुकेश, नारायण शर्मा, शहजाद खान, राजू रावत, सूरजमल, मंजू देवी सहित कई स्थानीय पशुपालक उपस्थित रहे।