नरेश कुरेडा
पीपलू।स्मार्ट हलचल|नाथड़ी स्थित पीपलू थाने में सीएलजी सदस्यों एवं पुलिस मित्रों की बैठक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सदस्यों ने शहर सहित क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर एएसपी को अवगत कराया। सीएलजी सदस्यों ने वृत्त क्षेत्र में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करने, युवाओं में बढ़ती नशे की लत के चलते हो रही छिटपुट चोरियों पर सख्त कार्रवाई करने तथा बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग रखी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भार्गव ने सदस्यों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के आपसी समन्वय से ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। बैठक में पीपलू पुलिस उपाधीक्षक रामावतार चौधरी ने साइबर फ्रॉड को लेकर लोगों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने का आह्वान किया। इस दौरान थानाधिकारी रविश सामरिया, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि सत्यनारायण चंदेल, सतर्कता समिति सदस्य दशरथ सिंह राजावत सहित सीएलजी सदस्य एवं थाना स्टाफ मौजूद रहा।
