सदर विधायिका का 9 वर्ष पूर्ण : कठेरिया समाज का भव्य सम्मान समारोह संपन्न, ‘मिशन-2027’ को लेकर एकजुटता का दिया संदेश

सदर विधायक सरिता भदौरिया रहीं मुख्य अतिथि, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया सहित समाज के प्रमुख लोगों ने की शिरकत

इटावा। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय कठेरिया समाज जनपद इटावा के तत्वावधान में रविवार को शास्त्री चौराहा स्थित नारायण बैंकट हॉल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह ‘मिशन-2027’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। समारोह के दौरान सामाजिक एकजुटता, शिक्षा, संगठन की मजबूती और समाज के हितों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर विधायक को 51 किलो की माला, पगड़ी, तलवार भेंट कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक सरिता भदौरिया रहीं, जब कि पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कठेरिया समाज के प्रदेश अध्यक्ष महाराम कठेरिया ने की। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों का सम्मान भी किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुट होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है। शिक्षा को समाज की तरक्की का प्रमुख आधार बताते हुए बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने और युवाओं को रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया।

➡️ ‘मिशन-2027’ को लेकर हुआ मंथन

सम्मान समारोह को ‘मिशन-2027’ का नाम दिए जाने के कारण कार्यक्रम के दौरान आगामी समय में समाज की भूमिका और संगठनात्मक मजबूती को लेकर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों, विकास और सम्मान के लिए संगठित होकर सकारात्मक दिशा में कार्य करना होगा।

समारोह में मौजूद समाज के लोगों ने सामाजिक कुरीतियों को दूर करने, युवाओं को आगे बढ़ाने तथा समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता और शिक्षा में निहित होती है।

➡️ बड़ी संख्या में पहुंचे समाज के लोग

कार्यक्रम में इटावा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से कटेरिया समाज के लोग पहुंचे। आयोजन स्थल पर समाज के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। आयोजकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया।

समारोह के अंत में कार्यक्रम संयोजक श्यामवीर सिंह कठेरिया ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज को एक मंच पर लाने और नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ‘मिशन-2027’ के माध्यम से सामाजिक एकजुटता और संगठन को मजबूत करने की दिशा में आगे भी लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही गई।

कार्यक्रम को लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी कमलेश कठेरिया, राम बाबू कठेरिया, भानु प्रताप, सुनील कठेरिया, विपिन कठेरिया, सचिन कठेरिया, शैलेन्द्र वर्मा, श्याम चौधरी आदि ने संबोधित किया।