चारभुजा मंदिर चोरी मामले को लेकर धरनार्थियों में आक्रोश, नगरपालिका के विभिन्न मामलों की जांच की मांग तेज
सावर नगरपालिका के सामने पांचवें दिन भी जारी रहा अनिश्चितकालीन धरना, ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
दिलखुश मीना
सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल|जिले की मार्बल नगरी सावर में भगवान चारभुजा नाथ मंदिर में करीब दस वर्ष पूर्व हुई करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों की चोरी का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। वहीं सावर नगरपालिका से जुड़े विभिन्न मामलों की जांच की मांग को लेकर नगरपालिका भवन के सामने 6 अगस्त से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रहा।
युवा नेता दुर्गेश प्रजापति के नेतृत्व में चल रहे धरने में ग्रामीणों की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है। धरनार्थियों ने राज्य सरकार एवं प्रशासन से चारभुजा नाथ मंदिर चोरी मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर जल्द खुलासा करने तथा नगरपालिका से जुड़े विभिन्न मामलों में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
धरनार्थियों का कहना है कि सावर के राजघराना गढ़ परिसर स्थित भगवान चारभुजा नाथ मंदिर में वर्ष 2015 में करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के आभूषणों सहित हुई चोरी के मामले को लेकर उस समय पूरे सावर को बंद रखकर बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार तत्कालीन डीवाईएसपी राकेश पाल सिंह ने मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया था। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बाद मामला धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला गया।
अब करीब दस वर्ष बाद यह मामला फिर उठने से क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। धरनार्थियों ने पुलिस एवं प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए मामले की पुनः निष्पक्ष जांच की मांग की है।
नगरपालिका के विभिन्न मामलों की जांच की मांग
धरनार्थियों ने सावर नगरपालिका से जुड़े कई मामलों को लेकर भी जांच की मांग उठाई है। उनका आरोप है कि नगरपालिका में आग लगने की घटना में महत्वपूर्ण रिकॉर्ड जलने का मामला संदेहास्पद है, जिसकी उच्च स्तरीय जांच करवाई जानी चाहिए।
इसके अलावा नगरपालिका की खातेदारी भूमि के कथित बेचान, अवैधानिक तरीके से ग्रेवल सड़क निर्माण, 100 से अधिक पट्टे जारी किए जाने के आरोपों की जांच की मांग भी की जा रही है।
वहीं गोशाला के नाम पर जमीन के कथित अतिक्रमण, सहयोग राशि में कथित अनियमितताओं तथा नगरपालिका की आय के लिए किराए पर संचालित दुकानों से जुड़े मामलों की भी जांच करवाने की मांग धरनार्थियों द्वारा की गई है।
धरने में भाजपा नेताओं और ग्रामीणों की भागीदारी
धरने के पांचवें दिन भी ग्रामीणों एवं भाजपा नेताओं के धरनास्थल पर पहुंचने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। धरनार्थियों ने मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
धरनार्थियों का कहना है कि चारभुजा नाथ मंदिर चोरी मामले सहित नगरपालिका से जुड़े सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।
