मंत्री-विधायक का पुतला दहन, CMHO- PMO कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय में अव्यवस्थाओं, चिकित्सकों की कमी और मरीजों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से 13 अगस्त को सुबह 11 बजे अस्पताल के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मंत्री एवं विधायक का पुतला दहन करने के साथ CMHO और PMO का घेराव किया जाएगा।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में होने वाले इस प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस ने सरकार और चिकित्सा विभाग पर अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। ब्लॉक कांग्रेस प्रवक्ता वृतंजय आर्य ने कहा कि अमृतकौर अस्पताल की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। अस्पताल में चिकित्सकों की कमी सहित विभिन्न समस्याओं के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि ब्यावर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस वार्ता में सरकार के मंत्री अविनाश गहलोत और स्थानीय विधायक शंकरसिंह रावत भी अस्पताल के हालात खराब होने की बात स्वीकार कर चुके हैं। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होना सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने बताया कि अस्पताल की समस्याओं को लेकर पार्टी की ओर से पूर्व में 7 मार्च और 12 मई को ज्ञापन भी दिए गए थे। इसके बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि “ब्यावर की जनता को आश्वासन नहीं, बेहतर चिकित्सा व्यवस्था चाहिए। जब मंत्री और विधायक अस्पताल की बदहाली स्वीकार कर चुके हैं तो अब सुधार की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है।”
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि 13 अगस्त का प्रदर्शन केवल विरोध तक सीमित नहीं रहेगा। अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होने तक जनता की समस्याओं को लेकर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई है।
