( महेन्द्र नागौरी)
पैदल मार्च के बाद पूजा-अर्चना व सद्बुद्धि यज्ञ, राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|मेवाड़ के नेता धीरज गुर्जर के जन्मदिन पर आयोजित संकल्प सप्ताह के तहत जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम जी. खटीक के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और राष्ट्रपति के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में गोमाता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने के साथ गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। कांग्रेसजनों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति और जनभावनाओं में विशेष स्थान रखती हैं, ऐसे में उनके संरक्षण को लेकर सरकार को ठोस नीति और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
कलेक्ट्रेट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोमाता की पूजा-अर्चना कर सद्बुद्धि यज्ञ किया। यज्ञ में आहुतियां देकर सरकार को गोमाता के सम्मान और संरक्षण की दिशा में निर्णायक कदम उठाने की सद्बुद्धि देने की कामना की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक ने कहा कि गोवंश संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है। कांग्रेस जनभावनाओं से जुड़े इस मुद्दे को आगे भी मजबूती से उठाती रहेगी।
कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, ब्लॉक व मंडल अध्यक्ष, पार्षद, वार्ड पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
