_राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने किया शुभारंभ, बाइक पर हाथों में तिरंगा लेकर निकले सैकड़ों कार्यकर्ता_
*खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा की ओर से नगर क्षेत्र में बाइक तिरंगा यात्रा निकाली गई। आंबेडकर नगर स्थित पनिहा बाबा से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कटरा तिराहा पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान पूरा नगर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।यात्रा का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने किया। शुभारंभ से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केसरवानी सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद डीजे की धुन पर हाथों में तिरंगा लेकर सैकड़ों कार्यकर्ता बाइक से यात्रा में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने वीर शहीदों के जयकारे और देशभक्ति के नारे लगाए।
तिरंगा यात्रा रक्षपालपुर होते हुए नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्वों के प्रति जागरूक किया।
राज्य मंत्री कृष्णा पासवान ने कहा कि तिरंगा देश की अखंडता, एकता और संप्रभुता का प्रतीक है। यह देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक भी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान चंद्र केसरवानी ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, गौरव और सम्मान से जुड़ा है। वहीं मंडल प्रभारी अपर्णा सिंह गौतम ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ना है।
इस मौके पर रामप्रताप सिंह गौतम, मंडल अध्यक्ष गया पाल, गुड्डू केसरवानी, संदीप गुप्ता समेत नगर के सभी वार्डों के सभासद और सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
