शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में युवा आधारित कार्यक्रम के तहत बुधवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, शाहपुरा में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं, शिक्षकों और अतिथियों ने मिलकर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे तथा इनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चरणों में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान शुरू हुआ। अतिथियों और विद्यालय स्टाफ ने पौधे लगाए तथा विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
पर्यावरण बचाना सामूहिक जिम्मेदारी-
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यनारायण कुमावत ने पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा किसी एक व्यक्ति या संस्था का काम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात के बीच अधिकाधिक पौधे लगाना समय की जरूरत है।
उन्होंने युवाओं और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे पौधारोपण को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखें, बल्कि लगाए गए पौधों को नियमित पानी देने, उनकी सुरक्षा करने और उन्हें वृक्ष बनने तक संभालने की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना शुरुआत है, लेकिन उसे वृक्ष बनाना असली पर्यावरण सेवा है।
प्रकृति संरक्षण से जुड़ी भारतीय परंपरा-
कार्यक्रम में नगर संघ चालक कन्हैयालाल वर्मा एवं सेवानिवृत्त पूर्व प्राचार्य जयदेव जोशी ने भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को भारतीय संस्कृति और सामाजिक दायित्व से जोड़ते हुए युवाओं को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को हमेशा सम्मान दिया गया है। पेड़-पौधे केवल हरियाली का हिस्सा नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। ऐसे में युवा पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
विद्यालय परिसर में रोपे विभिन्न प्रजातियों के पौधे-
विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेश कुमार धाकड़ ने स्वागत उद्बोधन में अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में लगाए गए पौधे विद्यार्थियों को प्रकृति के करीब लाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक सीख भी देंगे।
पौधारोपण के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह नजर आया। विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में हरियाली बढ़ाने के साथ आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण देने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. परमेश्वर प्रसाद कुमावत ने किया, जबकि युवा आधारित कार्यक्रम के नगर वृक्षारोपण प्रभारी भगवत सिंह लुलांस ने आभार व्यक्त किया।
शिक्षक और अधिकारी रहे मौजूद-
कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, शाहपुरा के प्रशासनिक अधिकारी विनोद कुमार जोशी, प्रदीप शर्मा, अधिवक्ता महेंद्र रायका सहित विद्यालय के शिक्षक लोकेश कुमार चौधरी, प्रकाश धोबी, पर्वत सिंह कानावत, रवि मीणा, कालूलाल शर्मा, सुमित खटीक एवं निखिल सोनी उपस्थित रहे। अध्यापिकाओं में मंजू सेन, सुधा चौहान, ललिता धाकड़, रत्ना टेलर, सोनम लढ्ढा, निकिता शर्मा, भारती राठौड़ एवं नैनिका सेन सहित विद्यालय का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी रास्ता लोगों को प्रकृति से जोड़ना है। बच्चों और युवाओं में यदि पौधों के प्रति अपनापन और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो जाए तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण का अभियान और मजबूत होगा।
