विद्यार्थियों ने निकाली तिरंगा रैली, ग्रामीणों को घर-घर तिरंगा फहराने के लिए किया प्रेरित
रमेश चंद्र डाड
बरूंदनी, स्मार्ट हलचल। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरूंदनी के छात्र-छात्राओं ने बुधवार को तिरंगा रैली निकाली। रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य बाबूलाल बैरवा ने हरी झंडी दिखाकर किया।विद्यालय के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्”, “हर घर तिरंगा” और “हर घर शांति” के जयघोष करते हुए रैली में शामिल हुए। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर तेजाजी का चौक, आजाद चौक, पुलिस चौकी, बड़ा मंदिर, पटेलों का चौक एवं चौक का मंदिर होते हुए वापस विद्यालय परिसर पहुंची। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य बाबूलाल बैरवा ने कहा कि तिरंगा रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जागृत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को बढ़ावा देना है।
रैली का समापन विद्यालय परिसर में राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर शिक्षक विश्वनाथ पंचोली, राधेश्याम अहीर, भंवरलाल अहीर, राजेंद्र कुमार गुर्जर सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
