वृद्धा की हत्या व लूट का 6 घंटे में सनसनीखेज खुलासा, दो आरोपी डिटेन

अनिल कुमार

ब्यावर/बदनौर। स्मार्ट हलचल|ब्यावर जिला पुलिस ने बदनोर थाना क्षेत्र के चौनपुरा गांव में 72 वर्षीया एकाकी वृद्धा की निर्मम हत्या और लूट की वारदात का महज़ 6 घंटे में सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध अभियुक्तों को हिरासत में लिया है।

घर में खाट पर मिला था शव, आभूषण थे गायब
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चौनपुरा निवासी प्रार्थी राजू लाल रेगर ने बदनोर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी 72 वर्षीया बड़ी मम्मी सीता देवी घर में अकेली रहती थीं। बुधवार सुबह जब वह घर से बाहर नहीं निकलीं, तो परिजनों ने भीतर जाकर देखा। सीता देवी खाट पर मृत अवस्था में पड़ी थीं और उनके शरीर से सोने का मादलिया, चांदी का कंदोरा तथा चांदी के कड़े-जोड़ गायब थे। चूड़ियां भी टूटी हुई थीं। रात में अज्ञात बदमाशों ने उनकी हत्या कर गहने पार कर लिए थे।

उच्चाधिकारियों के निर्देशन में बनीं विशेष टीमें
वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया (RPS) ने घटनास्थल का जायजा लिया। FSL, MOB और डॉग स्क्वायड की टीमों से बारीकी से साक्ष्य जुटाए गए। वृताधिकारी मसूदा शिवराज सिंह और वृताधिकारी ब्यावर राजेश कसाना के निकटतम सुपरविजन में बदनोर, विजयनगर, मसूदा थानाधिकारी, DST प्रभारी और साइबर सेल की विशेष टीमों का गठन किया गया।

सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र से मिली सफलता
अज्ञात आरोपियों की सुरागकशी के लिए पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, परिवार व पड़ोसियों से जानकारी जुटाई और तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। खुफिया आसूचना के आधार पर दो संदिग्धों—दिलीप और आकाश की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में कबूला जुर्म
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। पुलिस अब अभियुक्तों का न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर गहन पूछताछ करेगी तथा लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों की बरामदगी की कार्रवाई में जुटी है।