महेन्द्र नागौरी
ध्वजारोहण से लेकर परेड, मार्च पास्ट और व्यायाम प्रदर्शन तक हुआ पूर्वाभ्यास; कलेक्टर ने परखी व्यवस्थाएं
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रिहर्सल में ध्वजारोहण, परेड, मार्च पास्ट, सलामी और व्यायाम प्रदर्शन सहित समारोह में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का हूबहू पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों और कार्मिकों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के अनुसार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
“समयबद्धता और अनुशासन में नहीं हो चूक”
कलेक्टर संधू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमा, अनुशासन और हर्षोल्लास के साथ आयोजित हो। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने तथा समारोह स्थल पर आवश्यक सुविधाओं और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने कहा कि “स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है”, ऐसे में समारोह की भव्यता के साथ अनुशासन और समयबद्धता भी सुनिश्चित की जाए।
रिहर्सल के दौरान एडीएम प्रशासन हरीतिमा, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, एडिशनल एसपी राजेश आर्य, जिला परिषद सीईओ चंद्रभान सिंह भाटी, यूआईटी ओएसडी पुनीत गेलरा, नगर निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अरुणा गारू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
