अनिल कुमार
ब्यावर/रास।स्मार्ट हलचल|राज्य में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रास थाना पुलिस ने गुरुवार तड़के बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पीलपाया-सालिया मार्ग से अवैध रूप से 84.960 किलोग्राम डोडा पोस्त का परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त मारुति सुजुकी ऑल्टो कार (RJ 01 CC 6908) को भी जब्त कर लिया गया है।जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां एवं उप अधीक्षक (जैतारण) रमेन्द्रसिंह हाडा के सुपरविजन में यह कार्रवाई रास थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
तड़के 3 बजे मुखबिर से मिली गुप्त सूचना
थानाधिकारी मंजू मुलेवा ने बताया कि सुबह करीब 3:08 बजे विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीलपाया और सालिया के बीच मुख्य सड़क पर खड़ी एक सफेद ऑल्टो कार में भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त भरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जाप्ते, सरकारी वाहन एवं लैपटॉप-प्रिंटर सहित आवश्यक साजो-सामान के साथ मौके पर पहुंची।
मौके पर घेराबंदी कर कार में मौजूद दो संदिग्ध व्यक्तियों को दस्तयाब किया गया। कार की डिग्गी और पिछली सीट की तलाशी लेने पर 3 प्लास्टिक के कट्टे मिले, जिनमें कुल 84.960 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडा पोस्त भरा हुआ था।
अजमेर और ब्यावर के रहने वाले हैं आरोपी
मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित कोई वैध परमिट प्रस्तुत न कर पाने पर दोनों आरोपियों को मौके पर ही धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
रमेश (30 वर्ष) पुत्र मंगलाराम गुर्जर, निवासी धुवाड़िया (थाना पीसांगन, जिला अजमेर)
सांवरलाल (23 वर्ष) पुत्र प्रभुराम जाट, निवासी शिवनगरी कुड़की (थाना रास, जिला ब्यावर) के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान कार से 3 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। मामले का अग्रिम अनुसंधान आनंदपुर कालू थानाधिकारी (उप निरीक्षक) गणपतराम के सुपुर्द किया गया है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाधिकारी मंजू मुलेवा के साथ एएसआई निर्मलसिंह, कांस्टेबल सतीश (विशेष भूमिका), सुशील, रामचरण, बस्तीराम, देवकरण, करतारसिंह, कैलाशनाथ, सुनिल और मैनाराम शामिल रहे।
