हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम्: भीलवाड़ा में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, उमड़ा राष्ट्रभक्ति का सैलाब”

पुनित चपलोत
भीलवाड़ा। स्मार्ट हलचल|भाजपा के आह्वान पर शुक्रवार को शहर में अलग-अलग मंडलों की ओर से तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगे और वाहनों पर सवार हजारों कार्यकर्ताओं ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए देशभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।शास्त्री मंडल अध्यक्ष रमेश खोईवाल के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दूधाधारी मंदिर, सांगानेरी गेट से वाहन रैली शुरू की। वहीं प्रताप मंडल अध्यक्ष नागेंद्र सिंह राव के नेतृत्व में हनुमान मंदिर, कुंभा सर्किल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।इसी प्रकार गणेश मंडल अध्यक्ष मुकेश सोनी के नेतृत्व में पुलिस लाइन के पास अजमेर पुलिया से तथा सुभाष मंडल अध्यक्ष ऋतुशेखर शर्मा के नेतृत्व में मोदी ग्राउंड से सैकड़ों कार्यकर्ता वाहनों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा में रवाना हुए।

अलग-अलग स्थानों से निकली सभी यात्राएं शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई भाजपा कार्यालय पहुंचीं, जहां उनका समापन हुआ। यात्रा के दौरान वाहनों पर तिरंगे लहराते कार्यकर्ताओं का काफिला लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। सड़कें राष्ट्रध्वज के रंग में रंगी नजर आईं और वातावरण देशभक्ति के नारों से सराबोर रहा।

तिरंगा यात्राओं ने शहर में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। कार्यकर्ताओं के उत्साह और तिरंगों से सजे वाहनों के कारण पूरे शहर में देशभक्ति का माहौल नजर आया।