उदयपुर, 14 अगस्त ।स्मार्ट हलचल|शहर की विरासत, स्थापत्य, गलियों, बाजारों और रोजमर्रा के जीवन को रेखाचित्रों के माध्यम से दर्ज करने वाले अर्बन स्केचर्स उदयपुर ने अपनी रचनात्मक यात्रा के 200 सप्ताह पूरे कर लिए हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में समूह की ओर से चौथी प्रदर्शनी का आयोजन 15 एवं 16 अगस्त 2026 को आरके मॉल में किया जाएगा। प्रदर्शनी में उदयपुर के साथ-साथ विभिन्न स्थानों और विषयों से जुड़े रेखाचित्र एवं उनसे जुड़ी कहानियां दर्शकों के सामने प्रस्तुत की जाएंगी।
अर्बन स्केचर्स प्रमुख सुनील लड्ढा ने बताया कि 200 सप्ताह की यह यात्रा केवल चित्र बनाने तक सीमित नहीं रही, बल्कि उदयपुर की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक इमारतों, स्थापत्य कला, प्रकृति और शहर के बदलते स्वरूप को कागज पर दर्ज करने का निरंतर प्रयास रही है। इसी रचनात्मक यात्रा को प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जा रहा है।
*15 अगस्त को उद्घाटन और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां*
लड्डा ने बताया कि 15 अगस्त को दोपहर 12 बजे राजस्थान मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आनंद गुप्ता प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन दिवस पर कला प्रेमियों और रेखाचित्र बनाने में रुचि रखने वाले लोगों के लिए कई विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी। दोपहर 1 से 2 बजे तक ‘कला कैसे बेचें’ विषय पर रजत कहानीवाला की कार्यशाला होगी। इसके बाद 3 से 4 बजे तक सुरेश पालीवाल ‘परिप्रेक्ष्य रेखाचित्र कैसे बनाएं’ विषय पर कार्यशाला लेंगे।
शाम 4 से 5 बजे तक राहुल माली सजीव रेखाचित्र प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 5 से 6 बजे तक कृष्णा और पुविशा के साथ मुक्त मंच का आयोजन होगा। दिन का समापन शाम 7 से 8 बजे तक असद सिद्दीकी और नीरज की संगीत संध्या के साथ होगा।
*16 अगस्त को भी कला गतिविधियों की श्रृंखला*
प्रदर्शनी के दूसरे दिन 16 अगस्त को सुबह 11 से 11:30 बजे तक भानु प्रताप द्वारा रैपिड स्केचिंग कार्यशाला होगी वहीं 11:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक दिनेश ‘चित्रकारी में दक्षता’ विषय पर प्रतिभागियों को कला संबंधी तकनीक बताएंगे।
दोपहर 1 से 2 बजे तक जल सांझी पर विशेष कार्यशाला होगी। इसके बाद 2 से 3 बजे तक वास्तुकार सुनील लड्ढा का विशेष सत्र आयोजित किया जाएगा। शाम 5:30 से 6:30 बजे तक कमलेश ‘रंग संयोजन’ विषय पर कार्यशाला लेंगे। शाम 7 से 8 बजे तक कृष्णा और भानु की संगीत संध्या के साथ दूसरे दिन के कार्यक्रमों का समापन होगा।
*सुबह 11 से रात 9 बजे तक देख सकेंगे प्रदर्शनी*
प्रदर्शनी संयोजक हेमंत जोशी के अनुसार 15 और 16 अगस्त को प्रदर्शनी स्थल पर दर्शकों के लिए कला और रेखाचित्रों से जुड़ी रचनाएं देखने का अवसर रहेगा। कार्यक्रम आरके मॉल के भूतल पर आयोजित किया जा रहा है और प्रदर्शनी का समय सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक रहेगा।
लड्डा ने बताया कि अर्बन स्केचर्स उदयपुर की इस चौथी प्रदर्शनी का उद्देश्य रेखाचित्र कला को केवल कला की विधा के रूप में प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि शहर को देखने, समझने और उसकी स्मृतियों को रेखाओं के माध्यम से संरक्षित करने की कला को आम लोगों तक पहुंचाना भी है। 200 सप्ताह की निरंतर रेखाचित्र यात्रा इस बात का उदाहरण है कि किस तरह कलाकार अपने आसपास के शहर और समाज को अपनी रचनात्मक दृष्टि से दस्तावेज के रूप में दर्ज कर सकते हैं।
शुक्रवार को प्रदर्शनी की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस मौके पर हेमंत जोशी, शिखा पुरोहित, तुलिका देवपुरा, राहुल माली, नीलोफर मुनीर, कृष्णा शर्मा, असद सिद्दीकी, विनीत खत्री, पुरुंजय आदि मौजूद रहे।
