अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|देश के विभाजन के दौरान अपनी मातृभूमि से विस्थापित हुए लाखों लोगों की पीड़ा, संघर्ष और प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों की स्मृति में गुरुवार को ब्यावर के सेंदड़ा रोड स्थित अशोक पैलेस में ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ का भावपूर्ण आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और विधायक शंकर सिंह रावत के सानिध्य में उपस्थित जनप्रतिनिधियों व शहरवासियों ने विभाजन के पीड़ितों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इतिहास से सीख लेकर अखंड भारत का संकल्प
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि 1947 का विभाजन केवल भारत के भूगोल का बंटवारा नहीं था, बल्कि यह करोड़ों परिवारों की पीड़ा, विस्थापन और अनगिनत बलिदानों की त्रासदी थी। वक्ताओं ने जोर दिया कि नई पीढ़ी को इस काले इतिहास के प्रति जागरूक करना और देश की एकता व अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का परम कर्तव्य है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
समारोह में निवर्तमान सभापति नरेश कनोजिया, निवर्तमान प्रधान गणपत सिंह चौहान सहित भाजपा के प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, शहरी व ग्रामीण जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन व संयोजन संयोजक वीरेन्द्र सिंह रावत द्वारा किया गया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने मौन रखकर विभाजन के पीड़ितों को नमन किया और राष्ट्र की एकता का संकल्प लिया।
