मांडलगढ़ में उपखंड स्तरीय समारोह में शिक्षा, खेल, राजकीय सेवा, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान
मांडलगढ़। स्मार्ट हलचल|स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मांडलगढ़ में आयोजित होने वाले उपखंड स्तरीय समारोह में दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकार राकेश मीणा सहित 66 प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। उपखंड अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी सम्मान सूची में छात्र-छात्राओं, राजकीय अधिकारी-कर्मचारियों, पत्रकारिता और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को शामिल किया गया है।पत्रकारिता के क्षेत्र में राकेश मीणा को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए जमनालाल दरोगा और जगदीश माली का नाम भी सम्मान सूची में शामिल है।
मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को भी सम्मान
सम्मान सूची में बोर्ड परीक्षा में ब्लॉक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने कृषि, विज्ञान और कला वर्ग में बेहतर परिणाम हासिल कर ब्लॉक स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल में चयनित खिलाड़ियों तथा स्काउट क्षेत्र में राज्य पुरस्कार प्राप्त विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
राजकीय सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
विभिन्न विभागों में राजकीय दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें चिकित्सा, शिक्षा, कृषि, पुलिस, पंचायत समिति, तहसील, महिला एवं बाल विकास, आयुर्वेद, नगरपालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं।
उपखंड प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह में अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा, सेवाओं और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से मांडलगढ़ क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली कुल 66 प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा।
