घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू परिवारों की सेवा के लिए वार्ड पंच धन्नाराम लोहार सम्मानित

रोहट। स्मार्ट हलचल|उपखंड मुख्यालय पर आज 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित उपखंड स्तरीय समारोह में ग्राम पंचायत कलाली के वार्ड पंच एवं युवा सामाजिक कार्यकर्ता श्री धन्नाराम लोहार को जनसेवा एवं सामाजिक कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।श्री धन्नाराम लोहार द्वारा रोहट क्षेत्र में घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू जातियों के परिवारों के मूल दस्तावेज बनवाने, आधार कार्ड, जाति प्रमाण-पत्र एवं मूल निवास प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने, भूमिहीन परिवारों को आवासीय पट्टे दिलवाने तथा पात्र परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में निरंतर सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने जरूरतमंद एवं वंचित परिवारों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। घुमंतू एवं अर्द्ध घुमंतू समाज के परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए किए जा रहे उनके सेवाभावी प्रयासों की समारोह में सराहना की गई। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी पूर्ण कुमार सैन, विकास अधिकारी मनमोहन मीणा, तहसीलदार दिलीप सिंह, रोहट सरपंच भरत पटेल एवं रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी द्वारा श्री धन्नाराम लोहार को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।