केंद्र की ओबीसी सूची में ‘दसनाम गोस्वामी’ नाम जोड़ने की उठी मांग, नामों की विसंगति से युवाओं को आरक्षण में आ रही परेशानी

फुलिया कलां @(किशन वैष्णव)राजस्थान के दसनाम गोस्वामी समाज ने केंद्र सरकार की अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी )सूची में जाति के नाम को लेकर बनी विसंगति को दूर करने की मांग उठाई है। इस संबंध में शाहपुरा क्षेत्र के बीलिया निवासी लक्ष्मण लाल गोस्वामी ने प्रधानमंत्री कार्यालय के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है।शिकायत में बताया गया है कि राजस्थान सरकार की ओबीसी सूची में समाज का नाम दसनाम गोस्वामी दर्ज है, जबकि केंद्र सरकार की ओबीसी सूची में इस समाज को गिरि, गोसाई, गुसाई जैसे अलग-अलग नामों से दर्शाया गया है। नामों में इस भिन्नता के कारण समाज के युवाओं को केंद्रीय नौकरियों और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड रहा है।समाज के लोगों का कहना है कि दसनाम परंपरा में गिरि, पुरी, भारती, अरण्य, सागर, तीर्थ, सरस्वती, आश्रम, पर्वत और वन जैसे कुल दस उपनाम शामिल होते हैं। इसलिए राज्य और केंद्र दोनों सूचियों में एक समान नाम दसनाम गोस्वामी दर्ज किया जाना आवश्यक है,ताकि यह विसंगति समाप्त हो सके।ओर किसी प्रकार के कार्यों में बाधा उत्पन्न ना होवे।गोस्वामी ने बताया की पीएमओ पोर्टल पर दर्ज शिकायत पर प्रधानमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लेते हुए मामले को आगे की कार्रवाई के लिए केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को भेज दिया है। फिलहाल यह मामला विभागीय स्तर पर प्रक्रियाधीन बताया जा रहा है।
समाज के लोगों को उम्मीद है कि केंद्र सरकार इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर केंद्रीय ओबीसी सूची में दसनाम गोस्वामी नाम दर्ज करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे समाज के युवाओं को आरक्षण का लाभ लेने में आ रही परेशानियां दूर हो।