मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को समर्पित रहा जिला स्तरीय समारोह, प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं की माताओं का किया सम्मान
अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय परिसर में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया। इस बार समारोह की थीम “माँ तुझे सलाम” रखी गई। कार्यक्रम में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए प्रसूता महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की माताओं का सम्मान किया गया।समारोह में माताओं को उपहार भेंट कर उनके मातृत्व को नमन किया गया तथा उनके एवं नवजात शिशुओं के स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने कहा कि मां और शिशु का स्वस्थ होना स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ समाज की आधारशिला है। सरकार की ओर से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए गर्भावस्था से लेकर प्रसव एवं प्रसव के बाद तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, सुरक्षित संस्थागत प्रसव, प्रसव पूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल तथा बच्चों के समय पर पूर्ण टीकाकरण के लिए आमजन से जागरूक रहने का आह्वान किया।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लोकेश कुमावत ने जिले में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।
समारोह में जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 10 चिकित्सक, 24 नर्सिंग ऑफिसर, 5 फार्मासिस्ट, 4 लेखा सहायक, 10 एएनएम, 8 सीएचओ एवं 5 आशा सहयोगिनी सहित कुल 84 कार्मिकों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले सामाजिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
“माँ तुझे सलाम” थीम के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस समारोह में मातृत्व के सम्मान के साथ यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ माताएं और स्वस्थ बच्चे ही मजबूत समाज एवं देश की नींव हैं। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
