गंगापुर
(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल|सकल हिंदू समाज के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन मास में मातृकुंडिया से गंगापुर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर तक विशाल कांवड़ यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। यात्रा प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कांवड़ यात्रा सुबह 6 बजे मातृकुंडिया से रवाना हुई और दोपहर 2:00 बजे बालाजी बावड़ी मंदिर प्रांगण पहुंची। वहां से बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे तथा छोटी-बड़ी कांवड़ लेकर भक्त “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ आगे बढ़े। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और अल्पाहार खिलाकर कांवड़ियों का स्वागत किया गया। पूरे नगर का माहौल शिवमय हो गया।
सहाड़ा चौपाटी पर विधायक लादू लाल पितलिया ने कांवड़ लाने वाले भक्तों का स्वागत किया। कावड़ यात्रा में भाजपा नेता रूपलाल जाट सहित अनेक भक्त गण भी पैदल चल रहे थे। कांवड़ यात्रा जब नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची तो वहां मेले जैसा माहौल बन गया। इस अवसर पर भीलवाड़ा के विधायक गौभक्त अशोक कोठारी ने उपस्थित शिव भक्तों के साथ नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक किया। और शिव भक्तों से चर्चा की । गोपाल माली और उसकी टीम द्वारा गौ सम्मान आव्हान को लेकर बनाई गई कांवड़ आकर्षण का केंद्र रही। शिक्षा से उड़ान फाउंडेशन के इंसाफ खान के नेतृत्व में मुस्लिम युवकों ने भी शिव भक्तों का पुष्प वर्षा से स्वागत किया। यह कावड़ यात्रा सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक के रूप में देखी गई जिसमें सभी भक्तों ने बढ़ चढ़कर के भाग लिया।
