खारोल समाज की कावड़ यात्रा में गूंजा सामाजिक उत्थान का संदेश

शिव सहस्त्रधारा जलाभिषेक के साथ समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा और रोजगार पर हुआ सार्थक संवाद
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा खारवाल-खारोल समाज की ओर से मानव जीवन की खुशहाली, सामाजिक एकता एवं समाज के सर्वांगीण विकास की कामना को लेकर कावड़ यात्रा एवं शिव सहस्त्रधारा जलाभिषेक कार्यक्रम सोमवार को अजमेर के अशोक नगर स्थित शिव मंदिर में धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सामाजिक उत्थान को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित ‘सार्थक संवाद’ में कोटा संभाग अध्यक्ष सत्यनारायण खारवाल ने कहा कि समाज के आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के लिए राजनीतिक संरक्षण और प्रभावी भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत एवं निकाय चुनावों में समाज के योग्य एवं कर्मठ व्यक्तियों को उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। साथ ही नीति-निर्माण की प्रक्रिया में समाज की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।कार्यक्रम के आयोजक रामसर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षाविद एवं समाजसेवी मदनलाल खारोल ने समाजबंधुओं से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाकर उनका लाभ दिलाने के लिए सामूहिक स्तर पर प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों एवं युवाओं ने कोटा में प्रस्तावित समाज छात्रावास को लेकर भी चर्चा की। उपस्थित समाजबंधुओं ने छात्रावास की आवश्यकता को महत्वपूर्ण बताते हुए इसके निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षाविद शिवराज खारोल केकड़ी, समाजसेवी रमेश चंद्र खारोल मालपुरा, ओमप्रकाश खारोल शाहपुरा, विनोद खारोल बांदनवाड़ा, बृजमोहन, जय किशन, राकेश, प्यारेलाल, आनंद खारोल अजमेर, देवेंद्र, गोपाल, विष्णु, रामरतन, शंकरलाल, राधाकिशन, कान्हा, रामकिशन खारोल रामसर सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
धार्मिक आयोजन के दौरान समाजबंधुओं ने भगवान शिव का सहस्त्रधारा जलाभिषेक कर समाज की सुख-समृद्धि, एकता एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के अंत में अजमेर शहर अध्यक्ष राजेश खारोल ने आयोजन में शामिल हुए सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया।