अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना-2022 के व्यापक प्रचार-प्रसार और पात्र युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मंगलवार को एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, ब्यावर के तत्वावधान में सेन्दड़ा रोड स्थित मेध महल परिसर में आयोजित इस शिविर में कुल 51 प्रतिभागियों ने भाग लिया।शिविर के दौरान पात्र आवेदकों को योजना की बारीकियों, ऋण एवं अनुदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 5 पात्र युवाओं के ऑनलाइन आवेदन जमा करवाए गए। इसके साथ ही जिला उद्योग केंद्र द्वारा संचालित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से भी लोगों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र की महाप्रबंधक टीनू शर्मा ने बताया कि इस योजना का मूल उद्देश्य दलित एवं आदिवासी वर्ग के लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें अपना नया उद्योग स्थापित करने में मदद करना है। उन्होंने पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
इस दौरान सहायक प्रशासनिक अधिकारी लीला रावत, महासभा अध्यक्ष अजीत राम गहलोत, संरक्षक अर्जुनलाल दुखाड़िया, नवयुवक मंडल अध्यक्ष दीपक रॉय कमालिया, प्रबंधक एडवोकेट मोहन प्रकाश कमालिया सहित मदन कतीरिया, शंकर जी कटारिया एवं भेरूलाल गहलोत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया। उपस्थित युवाओं ने योजना का लाभ उठाकर स्वयं का उद्यम शुरू करने में गहरी रुचि दिखाई।
