अनिल कुमार
ब्यावर / जैतारण।स्मार्ट हलचल|सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में जैतारण स्थित मालियों की बगीची में मंगलवार को एक विशेष वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में क्षेत्र के 90 पंजीकृत दिव्यांगजनों को लिथियम-आयन बैटरी से संचालित मोटराइज्ड ट्राई साइकिलें निःशुल्क प्रदान की गईं।
शिविर प्रभारी विशाल सिंह सोलंकी ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की गतिशीलता को बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इन आधुनिक मोटराइज्ड ट्राई साइकिलों के माध्यम से अब लाभार्थी अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ बाजार, कार्यालय, प्रशिक्षण संस्थानों और कार्यस्थल तक बिना किसी बाधा के आ-जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह सहायता न केवल उनके आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि उनके आत्मविश्वास, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को भी सुदृढ़ करेगी।
इस कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शिविर में उपखण्ड अधिकारी मनोज कुमार मीणा, पुलिस उप अधीक्षक रमेन्द्र सिंह हाड़ा, विकास अधिकारी अतुल सोलंकी तथा नगरपालिका अधिशासी अधिकारी दिलीप पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। उपकरण वितरण और तकनीकी व्यवस्था में एलिम्को (ALIMCO) टीम के प्रबंधक हरीश कुमार, विशाल कुमार और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिकों ने मुख्य भूमिका निभाई।
