सांवलियाजी के पैदल यात्रियों के लिए चाय, नाश्ता, भोजन, विश्राम एवं चिकित्सा सुविधा रहेगी निःशुल्क
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। निकटवर्ती गांव आंवलहेड़ा (बस्सी) चौराहा पर सावन मास की एकम के अवसर पर सांवलियाजी के पैदल यात्रियों की सेवा के लिए श्री सांवरिया राम रसोड़े का शुभारंभ किया गया। मंगलवार 18 अगस्त को श्री सांवलियाजी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर ग्रामवासियों के सहयोग से सेवा का विधिवत उद्घाटन किया गया।ग्रामवासी रवि कुमार राव ने बताया कि आंवलहेड़ा चौराहा होकर कोटा, झालावाड़ एवं बूंदी जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री सांवलियाजी के दर्शन के लिए पैदल यात्रा करते हुए गुजरते हैं। पैदल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राम रसोड़े में चाय, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही यात्रियों के लिए सोने-बैठने तथा आवश्यक चिकित्सकीय सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। राम रसोड़े की सेवा व्यवस्था में ग्रामवासियों का विशेष सहयोग मिल रहा है। ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं की सेवा को धार्मिक एवं सामाजिक दायित्व बताते हुए आयोजन को निरंतर सहयोग देने की बात कही।
