नए डिप्टी नानालाल ने संभाली कमान, बोले-कानून तोड़ने वालों पर होगी सख्ती
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|निकाय चुनाव की सरगर्मियां तेज होते ही शाहपुरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। शाहपुरा के नवनियुक्त पुलिस उपाधीक्षक नानालाल ने साफ संकेत दिए हैं कि चुनावी माहौल में शांति भंग करने या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के साथ किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग, निष्पक्षता और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
डिप्टी नानालाल ने कहा कि कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईजी और एसपी स्तर पर क्राइम बैठक आयोजित कर निकाय चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन निर्देशों के अनुरूप शाहपुरा पुलिस वृत में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए पूरी गंभीरता से काम किया जाएगा। चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना और आचार संहिता की पालना कराना पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर रहेगा।
तीनों थानों का लिया जायजा–
नवनियुक्त डिप्टी नानालाल ने बताया कि उन्होंने शाहपुरा वृत के अंतर्गत आने वाले तीनों थाना क्षेत्रोंकृशाहपुरा, फुलियाकलां और बनेड़ा का निरीक्षण कर लिया है। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों से क्षेत्र की कानून व्यवस्था, अपराध की स्थिति और चुनाव को लेकर तैयारियों की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी केवल घटना होने के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अपराध की रोकथाम और संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी निगरानी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था पैदा करने वालों पर पुलिस की नजर रहेगी।
अवैध गतिविधि दिखे तो पुलिस को बताएं–
डिप्टी नानालाल ने शाहपुरा वृत क्षेत्र के आमजन से कानून का पालन करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से यातायात नियमों की पालना करने और वाहन चलाते समय सावधानी बरतने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में कहीं भी कोई अवैध गतिविधि संचालित होती दिखाई दे तो आमजन इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करें।
आचार संहिता की पालना पर विशेष जोर–
निकाय चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ चुनाव आचार संहिता की पालना सुनिश्चित कराने की भी बड़ी जिम्मेदारी है। डिप्टी नानालाल ने कहा कि शाहपुरा वृत में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव के दौरान किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून हाथ में लेने, माहौल बिगाड़ने या आचार संहिता का उल्लंघन करने का प्रयास किया गया तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। पुलिस का प्रयास रहेगा कि आमजन बिना किसी भय के मतदान प्रक्रिया में भाग ले सकें और चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हों।
डिप्टी नानालाल ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। ऐसे में पुलिस के साथ सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल देने की अपील की गई है। निकाय चुनाव से पहले नए डिप्टी के सख्त तेवरों से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ने के साथ ही असामाजिक तत्वों में भी खलबली मचने के संकेत हैं।
