डाइट में जिला शोध समूह का तीन दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न: नवाचारों और शैक्षणिक गुणवत्ता पर रहा जोर

उदयपुर, 22 अगस्त 2026
स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद उदयपुर के वार्षिक पंचांग 2026-27 के अनुसार, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) उदयपुर में आयोजित तीन दिवसीय जिला शोध समूह प्रशिक्षण शनिवार को संपन्न हुआ। 20 अगस्त से शुरू हुए इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार, समस्याओं के समाधान और नवाचारों को बढ़ावा देना है।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुसंधान जरूरी
समारोह की अध्यक्षता डाइट प्रधानाचार्य श्रीमती शीला काहाल्या ने की। उन्होंने संभागियों को जिला शोध समूह कार्यक्रम के महत्व और उद्देश्यों से रूबरू कराया। सेवारत प्रभाग की प्रभागाध्यक्ष श्रीमती गायत्री जोशी ने बताया कि राज्य सरकार की मंशानुसार शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यालय स्तर की गतिविधियों, समस्याओं और नवाचारों का व्यवस्थित अध्ययन बेहद आवश्यक है।
शोध प्रविधियों की दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान राज्य संदर्भ समूह के सदस्य कल्पेश जैन और डॉ. कल्पना सुथार ने संभागियों का मार्गदर्शन किया।

संभागियों को मौलिक शोध, क्रियात्मक शोध और व्यक्तिवृत्त अध्ययन की बुनियादी जानकारी दी गई। कल्पेश जैन ने सर्वे शोध के विभिन्न चरणों जैसे—प्रस्तावना, शोध प्रश्न, उद्देश्य, परिकल्पना, शोध विधि-प्रविधि, डेटा विश्लेषण, निष्कर्ष और संदर्भ साहित्य के बारे में विस्तार से समझाया।

*व्यावहारिक समस्याओं पर तैयार किए गए आकल्प*
प्रशिक्षण में शामिल शोधकर्ताओं ने स्कूली स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर केंद्रित शोध आकल्प तैयार किए। इनमें मुख्य रूप से विद्यार्थियों की अनियमितता, अनुपस्थिति और ड्रॉप आउट की समस्या।पठन कौशल का अभाव और गणित में संख्याओं की पहचान।प्रार्थना सभा में देरी से पहुंचना और खेल व पुस्तकालय के प्रति अरुचि। व्यवहारगत परिवर्तन, स्वच्छता के प्रति उदासीनता और गणवेश (यूनिफॉर्म) न पहनना आदि विषय शामिल रहे।इस त्रिदिवसीय प्रशिक्षण में कुल 39 संभागियों ने हिस्सा लिया। संभागी भूमिका चौबीसा, ममता जैन, सुरेश कुमार देशबंधु, डॉ. सविता नंदवाना, धनवंतरी रानी, पूजा सहारण, गरिमा शर्मा और नरेंद्र कुमार सालवी आदि ने इस प्रशिक्षण को अपने अनुसंधान कौशल को बढ़ाने में बेहद मददगार बताया।