रोंपा में चारभुजा नाथ पदयात्रा का भव्य स्वागत, विशाल भजन संध्या में झूमे भक्त

 

रोंपा। श्री चारभुजा नाथ की देवली से कोटड़ी 27वीं विशाल पदयात्रा के रोंपा पहुंचने पर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों का उत्साह और श्रद्धा के साथ भव्य स्वागत किया। पदयात्रियों के रोंपा में रात्रि विश्राम के दौरान धार्मिक माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर आयोजित विशाल भजन संध्या में भजन गायकों ने श्री चारभुजा नाथ एवं भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नृत्य करते नजर आए। गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा।

पदयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए ग्रामीणों की ओर से भोजन, प्रसाद एवं जलपान की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ स्वागत किया। जगह-जगह “जय श्री चारभुजा नाथ” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।

पदयात्रियों ने रोंपा में विश्राम के बाद अगले पड़ाव के लिए प्रस्थान किया। देवली से शुरू हुई यह पदयात्रा विभिन्न गांवों से होकर कोटड़ी चारभुजा नाथ मंदिर पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु भगवान चारभुजा नाथ के दर्शन कर ध्वजा चढ़ाएंगे।