मोड़ का निंबाहेड़ा । झरना महादेव मंदिर परिसर में गर्ग ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता गोपाल गर्ग निवासी खारड़ा ने की। बैठक में समाज से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत समाज के सभी उपस्थित सदस्यों द्वारा अपना-अपना परिचय देने से हुई, जिसमें सभी ने अपने नाम और ग्राम की जानकारी साझा की। इसके बाद मंदिर परिसर में नियमित रूप से साफ-सफाई करवाने के प्रस्ताव को रखा गया, जिस पर सभी सदस्यों ने सहमति जताते हुए सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया। बैठक के दौरान शिवलाल गर्ग मोड़ का निंबाहेड़ा ने समाज के समक्ष झरना महादेव परिसर में राधा-कृष्ण मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया तथा मंदिर निर्माण के लिए शिलान्यास का समय निर्धारित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही समाज के सामाजिक कार्यक्रमों जैसे शादी, मुंडन, प्रसादी, मायरा, गृह प्रवेश, गंगा प्रसादी आदि आयोजनों में झरना महादेव मंदिर निर्माण के लिए एक निश्चित राशि निकालने का भी निर्णय लिया गया, जिससे मंदिर विकास कार्यों में सहयोग मिल सके। मंदिर निर्माण के लिए रसीद बुक प्रिंट करवाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया। आगामी बैठक में मंदिर निर्माण के लिए एक समिति गठित करने का निर्णय लिया गया, जो निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि अब से हर माह के अंतिम रविवार को नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। समाज के सभी सदस्यों को समय पर सूचना देने के लिए एक समिति का गठन भी किया जाएगा। अंत में समाज के विकास और एकता को मजबूत करने पर जोर देते हुए निर्णय लिया गया कि सभी सदस्य आपसी मनमुटाव को दरकिनार कर समाज के विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। मीटिंग में पूरे भीलवाड़ा जिले के सैकड़ों समाजजन शामिल हुवे ।
