नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक, जिताऊ उम्मीदवारों पर रहेगा फोकस, टिकट के लिए ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य,

मदन मोहन गर्ग

गंगापुर सिटी, स्मार्ट हलचल।नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस में पार्षद पद के टिकट के दावेदारों की संख्या बढ़ रही है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ऑनलाइन भेजे गए आवेदन ही मान्य होंगे और इन्हीं के आधार पर टिकट वितरण पर विचार किया जाएगा।रविवार शाम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गंगापुर सिटी की ओर से मधुवन रिसोर्ट में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इसमें विधायक एवं विधानसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता रामकेश मीना सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में टिकट के दावेदार शामिल हुए। कई दावेदार समर्थकों के साथ पहुंचे और अपनी दावेदारी प्रस्तुत की।
बैठक में नेताओं ने जीतने की मजबूत संभावना वाले प्रत्याशियों को टिकट देने पर जोर दिया। कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य नगर परिषद में सभापति बनाने का बताया गया। वार्ड में मजबूत पकड़ रखने वाले और सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सुनील शर्मा, हरगोविंद कटारिया, बीरेंद्र अग्रवाल, राजेश जैमिनी, अनवार अली काजी, जिला महामंत्री हाजी जमील खां, पीसीसी सदस्य मुकेश शर्मा, कैलाश मीना, अब्दुल बहाव, हरदयाल जाटव और नेतराम बैरवा सहित अन्य नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
पार्टी नेताओं ने टिकट के इच्छुक कार्यकर्ताओं से निर्धारित ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी करने का आह्वान किया। स्पष्ट किया गया कि ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले दावेदारों के नाम पार्टी रिकॉर्ड में शामिल नहीं होंगे। बैठक में कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और कांग्रेस को मजबूत करने का भी आह्वान किया गया।