वैष्णोदेवी स्वरूप में सजेेंगे डिग्गी महादेव, अंतिम सोमवार को उमड़ेगा आस्था का सैलाब

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|श्रावण मास के अंतिम सोमवार को शहर के प्रसिद्ध श्री डिग्गी महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष नजारा देखने को मिलेगा। 24 अगस्त को बाबा डिग्गी महादेव का माता वैष्णोदेवी के अलौकिक एवं दिव्य स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया जाएगा। इस अनूठे दर्शन को लेकर मंदिर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।अंतिम सोमवार को तड़के से ही मंदिर में धार्मिक अनुष्ठानों का दौर शुरू होगा। भगवान डिग्गी महादेव का विशेष पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इसके साथ अखंड शिव महिम्न स्तोत्र एवं महामृत्युंजय मंत्रों का जाप होगा। शाम को माता वैष्णोदेवी स्वरूप में सजे बाबा डिग्गी महादेव की महादेव घोष के साथ भव्य महाआरती की जाएगी।

महाआरती के बाद भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। मंदिर समिति ने बताया कि श्रावण मास के अंतिम सोमवार पर होने वाले इस विशेष आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। समिति की ओर से भक्तों से सपरिवार मंदिर पहुंचकर बाबा डिग्गी महादेव के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने और धार्मिक आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की गई है।

24 अगस्त को होगा विशेष आयोजन, पंचामृत अभिषेक, मंत्र जाप, महाआरती और छप्पन भोग रहेगा आकर्षण का केंद्र