नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष की अध्यक्षता में बैठक संपन्न

रणवीर सिंह चौहान

स्मार्ट हलचल |भवानीमंडी में नगर निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। रविवार शाम करीब 6 बजे भाजपा मंडल भवानीमंडी शहर की बैठक संपन्न हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर गहन मंथन किया गया। इस दौरान जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा ने कहा कि नगर निकाय चुनाव भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए विश्वास और विकास को प्रमाणित करने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने का आग्रह किया। शर्मा ने सभी 40 वार्डों में जीत हासिल कर भाजपा का बोर्ड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
शर्मा ने बताया कि दावेदारों के नाम सूचीबद्ध कर जिला स्तर से प्रदेश स्तर पर भेजे जाएंगे। उचित विचार-विमर्श के बाद ही प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव के लिए अब समय कम है, ऐसे में सभी को एक दिशा और एक विचार के साथ जुटना होगा।
जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि समय पर प्रत्याशियों का पैनल तय नहीं होता है, तो कार्यकर्ता नामांकन फार्म भर सकता है, लेकिन पार्टी के कॉलम में भाजपा का उल्लेख करना अनिवार्य होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा के बजाय स्वतंत्र प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाले कार्यकर्ता को पार्टी पैनल से बाहर कर दिया जाएगा।
बैठक में भवानीमंडी प्रभारी रूपेश शर्मा, संयोजक दिनेश जैन और डग विधायक कालूराम मेघवाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मंच पर मानसिंह चौहान, रंजीता पांडे, सुल्तान सिंह, रामलाल गुर्जर, सुनीश दीक्षित, निर्मल शर्मा, नीटू चौधरी, पिंकी गुर्जर और नरेश माधवानी उपस्थित रहे। मंडल अध्यक्ष प्रदीप जैन ने अंत में आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता, विनय पोरवाल, जिला मंत्री प्रकाश वर्मा, जिला मंत्री जितेंद्र सिंह राजावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।