पंकज पोरवाल
काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में पुत्रदा एकादशी पर सजा भव्य संकीर्तन, आरती में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|शहर के काशीपुरी धाम स्थित श्री श्याम मंदिर में पुत्रदा एकादशी के अवसर पर रविवार को आयोजित भव्य संकीर्तन ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंग दिया। शाम 7.15 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी पहुंचे। मंदिर परिसर बाबा श्याम के जयकारों और भजनों से गूंज उठा तथा श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। कार्यक्रम में भजन गायक अभी अनुज पारिक (भीलवाड़ा) ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। बाबा श्याम का मनमोहक श्रृंगार एवं मंदिर की आकर्षक सजावट भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। श्री श्याम सेवा समिति (रजि.), काशीपुरी, भीलवाड़ा के अध्यक्ष सुरेश पौधार ने बताया कि एकादशी के पावन अवसर पर संकीर्तन का आयोजन श्रद्धालुओं को भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण से जोड़ने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दर्शन कर संकीर्तन का लाभ लिया। मीडिया प्रभारी पंकज अग्रवाल ने बताया कि धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हिंदू धर्म में एकादशी तिथि का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। पुत्रदा एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित पावन तिथि है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन व्रत, पूजा, भजन-कीर्तन एवं दान-पुण्य करने से परिवार में सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की जाती है। भव्य भजन संध्या के पश्चात बाबा श्याम की आरती की गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले कार्यकर्ताओं, भजन प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
