शाहपुरा@(किशन वैष्णव)अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खामोर गांव में पिता के स्नेह और बेटी के सम्मान की अनोखी मिसाल देखने को मिली। गांव निवासी गोपाल तेली, जो सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने अपनी बेटी रेखा के बेटे (दोहिते) के मुंडन संस्कार के अवसर पर मायरा भरते हुए 15 लाख रुपये नकद (रोकड़) भेंट किए।
जानकारी के अनुसार गोपाल तेली अपने पुत्र जीवराज (भैरू) तेली और शिवराज तेली के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गांव से अंगुचा लेकर मायरा भरने पहुंचे। इस दौरान मायरे में नकद राशि के साथ-साथ पायजेब की जोड़ी, अंगूठी और कपड़े भी भेंट किए गए।
मायरा भरने के दौरान भावनात्मक माहौल भी देखने को मिला। इस बीच बेटी रेखा भी भावुक हो उठी और पिता के समर्पण व प्रेम को देखकर उसकी आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी इस दृश्य को देखकर पिता-पुत्री के अटूट स्नेह की सराहना की।साधारण जीवनयापन करने वाले गोपाल तेली द्वारा महिला दिवस के दिन बेटी के प्रति दिखाया गया यह स्नेह और सम्मान गांव और आसपास के क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मुंडन संस्कार का कार्यक्रम पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें गांव और समाज के कई लोग मौजूद रहे।
