चांदी का हेलीकॉप्टर, धूप पड़ते ही घूमने लगती हैं पंखुड़ियां

(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|आसींद के स्वर्ण कलाकार भागीरथ सोनी पिता श्याम सोनी ने अपनी अनूठी कारीगरी और तकनीकी नवाचार से एक बार फिर लोगों को हैरत में डाल दिया है। उन्होंने शुद्ध चांदी से सोलर संचालित हेलीकॉप्टर की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की है।इस कलाकृति की खासियत यह है कि हेलीकॉप्टर पर लगे सोलर पैनल पर जैसे ही धूप या रोशनी पड़ती है, उसकी पंखुड़ियां घूमने लगती हैं। चांदी की बारीक नक्काशी और सोलर तकनीक के इस अनूठे संगम ने मॉडल को बेहद जीवंत बना दिया है।
भागीरथ सोनी ने बताया कि इस सोलर चालित चांदी के हेलीकॉप्टर को तैयार करने में 48 घंटे का समय लगा और इसकी लागत करीब 22,700 रुपए आई। मॉडल में चांदी की बारीक कारीगरी के साथ तकनीक का इस्तेमाल कर इसे चलायमान रूप दिया गया है।
भागीरथ सोनी अपनी बारीक, आधुनिक और प्रयोगधर्मी कलाकृतियों के लिए पहचाने जाते हैं। इससे पहले भी वे कई धार्मिक एवं आधुनिक प्रतिरूप तैयार कर चुके हैं। उनके इस नए प्रयोग को देखने वाले लोग चांदी की नफासत और सोलर तकनीक के अनोखे मेल की जमकर सराहना कर रहे हैं।