27 अगस्त को शाम 5.15 बजे पंजाब नेशनल बैंक की टाउन हॉल रोड शाखा के बाहर होगा प्रदर्शन, मांगें नहीं मानी तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
उदयपुर, स्मार्ट हलचल। बैंक कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस उदयपुर की ओर से 27 अगस्त 2026, गुरुवार को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। फोरम की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार प्रदर्शन शाम 5.15 बजे पंजाब नेशनल बैंक की टाउन हॉल रोड शाखा के बाहर आयोजित किया जाएगा।फोरम के अनुसार बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन मांग के बावजूद इसे लागू नहीं किया गया। इसके अलावा एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई वापस लेने तथा उसके क्रियान्वयन को रोकने, यूनियनों के साथ मिलकर द्विपक्षीय माध्यम से संशोधन करने सहित अन्य लंबित मुद्दों के समाधान की मांग की जा रही है।
फोरम ने बताया कि इन मांगों को लेकर 27 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। संयोजक डीके जैन के अनुसार बैंक कर्मचारियों की महत्वपूर्ण मांगों और मुद्दों के प्रति सरकार का रुख नकारात्मक बना हुआ है, जिसके कारण कर्मचारियों में असंतोष है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि जब भी बैंक कर्मचारी आगे बढ़कर बैंकों की प्रगति के लिए काम करना चाहते हैं, तब सरकार की नीतियां उनके सामने चुनौती बनकर खड़ी हो जाती हैं। फोरम का कहना है कि यदि सरकार ने बैंककर्मियों की जायज मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फोरम ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में आगामी सितंबर माह में हड़ताल तथा अक्टूबर माह से अनिश्चितकालीन हड़ताल की दिशा में कदम उठाया जा सकता है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस उदयपुर की ओर से बैंक कर्मचारियों एवं संबंधित यूनियनों से 27 अगस्त के प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
