किन्नर ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, आरोपी पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग
*
खखरेरू/स्मार्ट हलचल|फतेहपुर शादी का झांसा देकर जेंडर परिवर्तन कराने, पांच लाख रुपये ऐंठने और बाद में नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोशी की हालत में रास्ते किनारे फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खखरेरू थाना क्षेत्र की एक किन्नर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर सैलून संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पहले प्रेम जाल में फंसाया, फिर शादी की शर्त पर जेंडर परिवर्तन कराने के लिए तैयार किया और बाद में उससे पांच लाख रुपये लेने के बाद संबंध तोड़ने का प्रयास किया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एसपी को दिए शिकायती पत्र में साजन उर्फ लाली ने बताया कि वह थाना क्षेत्र के आलमपुर गेरिया गांव की रहने वाली है। कुछ समय पहले वह गेरिया चौराहा स्थित एक सैलून में बाल बनवाने गई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सैलून संचालक नजर मोहम्मद से हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और बाद में फोन पर लगातार बातचीत कर उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
पीड़िता के अनुसार, नजदीकियां बढ़ने के बाद आरोपी ने उससे शादी का वादा किया। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर शर्त रखी कि शादी के लिए उसे अपना जेंडर बदलवाना होगा। आरोपी की बातों में आकर वह तैयार हो गई। आरोप है कि नजर मोहम्मद उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गया, जहां उसका जेंडर परिवर्तन कराया गया।
पीड़िता का दावा है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद आरोपी उसे कौशांबी के कड़ा धाम स्थित शीतला माता मंदिर ले गया, जहां दोनों ने शादी की। इसके बाद आरोपी ने बहन की शादी और मकान बनवाने का हवाला देते हुए उसे घर ले जाने में टालमटोल शुरू कर दी। इसी बीच उसने मकान निर्माण के नाम पर पीड़िता से पांच लाख रुपये भी ले लिए।
पीड़िता का आरोप है कि मकान तैयार होने के बाद भी आरोपी उसे अपने घर नहीं ले गया। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। उसने स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि बीते 14 अगस्त को आरोपी ने उसे बहला-फुसलाकर कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। आरोप है कि आरोपी उसे गांव के बाहर रास्ते किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजनों ने उसे जिला अस्पताल मंझनपुर में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ।
ठीक होने के बाद पीड़िता ने दोबारा खखरेरू थाने में शिकायती पत्र दिया। उसका आरोप है कि स्थानीय पुलिस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है और उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने अब एसपी फतेहपुर से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
