घर से दूर थे खाकी के भाई, बहनों ने थाने पहुंचकर बांधा प्यार का रक्षा सूत्र
अजय सिंह (चिंटू)
जोबनेर-स्मार्ट हलचल|रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जोबनेर थाने में भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व का भावुक नजारा देखने को मिला। ड्यूटी के चलते अपने परिवार से दूर रहकर क्षेत्र की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को रक्षाबंधन के दिन घर की कमी महसूस न हो, इसी भावना के साथ विश्व हिंदू परिषद दुर्गा वाहिनी की ओर से विशेष आयोजन किया गया।
दुर्गा वाहिनी संयोजिका ज्योति कुमावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता जोबनेर थाने पहुंचे और थाना अधिकारी मोतीलाल शर्मा सहित पुलिस स्टाफ की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन मनाया। बहनों ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया, राखी बांधी और उनकी सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की। वहीं पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर उनके सम्मान और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
राखी बंधवाते समय पुलिस जवानों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। त्योहार के दिन घर-परिवार से दूर ड्यूटी कर रहे जवानों को थाने में ही बहनों का स्नेह और परिवार जैसा अपनापन मिला। कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो थाने की वर्दी के बीच घर-आंगन की खुशियां उतर आई हों। हंसी-खुशी और आत्मीयता के माहौल में मनाया गया यह रक्षाबंधन पुलिसकर्मियों के लिए यादगार बन गया।
इस अवसर पर स्वयंसेवक राजेंद्र अग्रवाल, गिरधारी मामोडिया, विजय कुमावत, रवि शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। दुर्गा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों और विशेष अवसरों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में उनके साथ रक्षाबंधन मनाकर उन्हें यह एहसास कराना उद्देश्य है कि समाज भी उनके साथ एक परिवार की तरह खड़ा है।
रक्षाबंधन का यह आयोजन भाई-बहन के रिश्ते के साथ सुरक्षा, सम्मान और विश्वास के सामाजिक रिश्ते का भी संदेश दे गया। पुलिसकर्मियों ने बहनों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की प्रत्येक बेटी और महिला की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर रहेगी। साथ ही पुलिस ने आमजन को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने में सहयोग की अपील की।
